बिलासपुर, सुभाष
बिलासपुर ज़िले के झंडूता उपमंडल के मलारी क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब भारी बारिश के कारण पहाड़ी दरकने से एक निजी संतोषी बस भूस्खलन की चपेट में आ गई। बस में सवार अधिकांश यात्री मलबे में फंस गए। यह बस कोटधार के मरोतन से घुमारवीं की ओर जा रही थी, जब भल्लू पुल के पास अचानक पूरी पहाड़ी बस पर आ गिरी।
प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें राहत कार्य में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। देर रात तक करीब 15 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। बताया जा रहा है कि बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे।राहत व बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है। मौके पर उपायुक्त राहुल कुमार और एसपी संदीप धवल स्वयं राहत अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
डिप्टी सीएम मौके के लिए रवाना
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हादसे की सूचना मिलते ही अपने कुल्लू दौरे को बीच में छोड़कर घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्यों का जायजा ले चुके हैं।
राहत बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों के उपचार की पूरी व्यवस्था करने के निर्देश -CM
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों के उपचार की पूरी व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। सुक्खू ने कहा कि वे शिमला से स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं और ज़रूरत पड़ने पर हर संभव सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जाएगी।