नूरमहल। भगवान वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस के अवसर पर नूरमहल में आयोजित समारोह के दौरान कांग्रेस नेता डॉ. नवजोत सिंह दहिया द्वारा निशान साहिब के पास चप्पल पहनकर रस्म अदा करने की घटना ने पूरे वाल्मीकि समाज में आक्रोश फैलाया है।
कमलेश्वर वाल्मीकि एजुकेशन ट्रस्ट, जालंधर के प्रधान साबी धारीवाल ने इस घटना को गंभीर बताते हुए एस.एस.पी. जालंधर को शिकायत भेजी है। शिकायत में कहा गया है कि डॉ. दहिया की इस हरकत से समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि डॉ. नवजोत सिंह दहिया के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने और धार्मिक स्थान पर बेअदबी करने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि मामले की तत्काल जांच कर एफ.आई.आर. दर्ज की जाए और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।