नई दिल्ली। अमेरिका के कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में सोमवार शाम एक हेलीकॉप्टर क्रैश होने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं।
जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर इमरजेंसी मेडिकल सर्विस मुहैया कराने के लिए उड़ान भर रहा था। उड़ान के दौरान अचानक नियंत्रण खोने के कारण हेलीकॉप्टर हाईवे पर जा गिरा और आग की लपटें उठ गईं। यह दृश्य देखते ही आसपास के लोग और हाईवे पर चल रहे वाहन चालक सकते में आ गए।
घटना के तुरंत बाद घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। सैक्रामेंटो की मेयर केविन ने कहा कि यह बेहद भयानक हादसा था और नेशनल हाईवे 50 पर हेलीकॉप्टर गिरने की घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है।
अभी तक क्रैश के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और एयरक्राफ्ट सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुट गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि हेलीकॉप्टर तकनीकी खराबी या पायलट त्रुटि दोनों पहलुओं की जांच की जा रही है। इस घटना ने स्थानीय समुदाय और हेलीकॉप्टर संचालन सेवाओं में सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़ा कर दिया है।