तोशाम | हरियाणा के तोशाम उपमंडल के गांव ईशरवाल में पारिवारिक जमीनी विवाद ने एक महिला की जान ले ली। रिश्ते में पोते लगने वाले युवकों ने अपने दादा-दादी पर लाठी-डंडों और लोहे के रॉड से हमला कर दिया। हमले में 50 वर्षीय महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल है और उसे हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मृतका के पति दलबीर का अपने भाइयों के परिवार के साथ जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। वीरवार देर रात करीब 11 बजे दलबीर और उसकी पत्नी सुनीता खेत में बने घर में सो रहे थे। इसी दौरान रविंद्र, अमन और दो अन्य युवक हथियारों से लैस होकर घर में घुसे और दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए।
ग्रामीणों की मदद से घायल दंपति को तोशाम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए। पुलिस ने दलबीर की शिकायत पर छह नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी महाबीर सिंह ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
दर्दनाक बात यह रही कि सुनीता करवाचौथ के व्रत की तैयारी कर रही थी और पति की लंबी आयु की कामना कर रही थी, लेकिन जमीनी विवाद ने खुशियों को मातम में बदल दिया।