चंडीगढ़ | हरियाणा में लंबे इंतजार के बाद राज्य स्तरीय ओलंपिक खेलों (स्टेट गेम्स) की शुरुआत 2 नवंबर से होने जा रही है। उद्घाटन समारोह गुरुग्राम से होगा, जहां हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी खेलों का शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पी. टी. ऊषा भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।
हरियाणा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष कैप्टन जसविंद्र मीनू बैनीवाल ने बताया कि राज्य की 2018 की खेल नीति में शामिल सभी खेलों को इस स्टेट गेम्स में शामिल किया गया है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए डोप टेस्ट अनिवार्य किया गया है। खेलों के दौरान नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (NADA) की टीम खिलाड़ियों के रैंडम सैंपल लेगी।
हरियाणा में 13 साल बाद स्टेट गेम्स का आयोजन हो रहा है। ये प्रतियोगिताएं राज्य के 11 अलग-अलग स्थानों पर आयोजित की जाएंगी, जिनमें चंडीगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, करनाल, कुरुक्षेत्र, झज्जर, सोनीपत, रोहतक और हिसार प्रमुख हैं। वहीं, शूटिंग मुकाबले दिल्ली की करणी रेंज में होंगे।
इन खेलों में वेटलिफ्टिंग, फेंसिंग, आर्चरी, टेनिस, हैंडबॉल, हॉकी, एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, नेटबॉल, बास्केटबॉल, कुश्ती, कबड्डी, जूडो, बैडमिंटन, साइक्लिंग, वॉलीबॉल, ट्रायथलन, स्विमिंग, वॉटरपोलो, बॉक्सिंग, कराटे, फुटबॉल, नौकायान और शूटिंग जैसी प्रतियोगिताएं शामिल होंगी।
कैप्टन बैनीवाल ने बताया कि विजेता खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र (सर्टिफिकेट) दिए जाएंगे, जो हरियाणा सरकार की 2018 की खेल नीति के तहत ग्रेडेशन सर्टिफिकेट के लिए मान्य होंगे। यह ग्रेडेशन सर्टिफिकेट ग्रुप-डी नौकरियों के लिए मान्यता प्राप्त रहेगा।
टीम प्रतियोगिताओं में हर खेल में आठ श्रेष्ठ टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें मेजबान जिले की टीम को विशेष रूप से भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही हरियाणा पुलिस, एचएसआईआईडीसी, हरियाणा पावर, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी राई और शाह सतनाम सिंह खेल अकादमी की टीमें भी प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगी।