नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल जारी है। केवल दो दिनों में ही चांदी के दाम ₹14,500 प्रति किलोग्राम की वृद्धि के साथ 1.71 लाख रुपए प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह तेजी जारी रही, तो छठ पूजा तक चांदी ₹2 लाख प्रति किलोग्राम को भी पार कर सकती है।
सालभर में चांदी में 91% का इजाफा
साल 2025 में चांदी के दामों में करीब ₹81,800 का उछाल देखा गया है। पिछले तीन कारोबारी सत्रों में ही चांदी के भाव ₹17,500 प्रति किलोग्राम बढ़ चुके हैं। इस हफ्ते चांदी की कीमतों में तीन बार 6,000 रुपए से अधिक की तेजी देखने को मिली। वायदा बाजार में भी चांदी के दाम ₹2,600 से ऊपर बढ़ गए हैं। हालांकि, अभी ये दाम रिकॉर्ड हाई से थोड़े नीचे हैं।
सोने में मुनाफावसूली
वहीं, सोने के दामों में शुक्रवार को मुनाफावसूली देखने को मिली। 99.9% शुद्धता वाला सोना ₹1,26,000 प्रति 10 ग्राम और 99.5% शुद्धता वाला सोना ₹1,25,400 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। वैश्विक स्तर पर हाजिर सोना $3,992.80 प्रति औंस, जबकि हाजिर चांदी $50.01 प्रति औंस पर रही।
विशेषज्ञों की राय
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के कीमती धातु विशेषज्ञ मानव मोदी ने कहा कि चांदी में तेज़ी का मुख्य कारण भारी मांग और सीमित आपूर्ति है। इसके अलावा, फेडरल रिजर्व की नरम मौद्रिक नीति, अमेरिका में राजकोषीय अनिश्चितता, और वैश्विक सप्लाई में कमी भविष्य में भी चांदी की कीमतों को बढ़ा सकती है।
छठ पूजा तक ₹2 लाख तक पहुंचने की संभावना
विशेषज्ञों के अनुसार, मौजूदा रिकॉर्ड स्तर से ₹28,500 की तेजी की जरूरत है। छठ पूजा 25 से 28 अक्टूबर तक है, यानी आने वाले 18 दिनों में निवेशकों और सर्राफा कारोबारियों की निगाहें चांदी के दामों पर टिकी रहेंगी।