हांसी | हांसी शहर में एक युवक ने महिला का सलवार-सूट पहनकर अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। युवक बाइक से विश्वकर्मा चौक और राम मंदिर के पास पहुंचा, जहां उसने अश्लील इशारे और अनुचित हरकतें कीं। कुछ देर तक उसने अश्लील डांस भी किया, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद, जागड़ा समाज के लोगों ने युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए हांसी पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हांसी शहर में यह घटना ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के पास हुई है, जिनमें भगवान विश्वकर्मा चौक, राम मंदिर, तोरण द्वार और श्री श्याम मंदिर शामिल हैं। इन स्थलों से हजारों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है और रोजाना महिलाएं और बच्चे भी आते हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभद्र व्यवहार करने वाले युवक की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है और समाज की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए सख्त कदम उठाए जाएंगे।