Mandi, Dharamveer
हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति ने प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदाओं के कारणों और रोकथाम पर अध्ययन करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय मंडी में आयोजित दो दिवसीय राज्य कार्यकारिणी बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति के राज्याध्यक्ष डा. ओम प्रकाश भूरेटा ने की।
डा. भूरेटा ने कहा कि समिति प्रभावित क्षेत्रों में जाकर बर्बादी के कारणों की जांच करेगी और तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार कर सरकार को सौंपेगी। इसके लिए पर्यावरण विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों और पर्यावरणविदों की टीम बनाई जाएगी जो प्रभावित इलाकों का प्रभाव अध्ययन करेगी। मंडी, कुल्लू, चंबा और शिमला जैसे संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि समिति ने अपनी क्षमता के अनुसार प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की है।
डा. ओम प्रकाश भूरेटा, राज्याध्यक्ष, हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति
बैठक में प्रदेश में चल रहे युवा बचाओ अभियान और नशे के खिलाफ प्रयासों पर भी चर्चा हुई। समिति ने इस दिशा में राज्यव्यापी गतिविधियों की जानकारी साझा की और बताया कि जल्द ही नशे के मुद्दे पर “द व्हाइट ट्रुथ” नाम से एक वेब सीरीज़ रिलीज की जाएगी।
साथ ही बैठक में समिति के सदस्यों ने रोहड़ू में 12 वर्षीय बच्चे की आत्महत्या, बाढ़ और बिलासपुर हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की।