गुरुग्राम | हरियाणा रोडवेज की बसों में ई-टिकटिंग प्रणाली तो पहले से मौजूद है, लेकिन अब यात्रियों को यूपीआई (UPI) से सीधे टिकट का भुगतान करने की सुविधा भी मिलने जा रही है। यह नई व्यवस्था नवंबर से लागू होने की संभावना है। इसके बाद यात्रियों को खुले पैसे की समस्या से निजात मिलेगी और टिकट खरीदना और आसान हो जाएगा।
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल बसों में पीओएस मशीनों के माध्यम से डेबिट कार्ड, हैप्पी कार्ड और नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) से भुगतान की सुविधा उपलब्ध है। हालांकि, ज्यादातर यात्री नकद पैसे देकर टिकट लेते हैं, जिससे कई बार खुले पैसे न होने पर असुविधा का सामना करना पड़ता है।
अब इन पीओएस मशीनों में यूपीआई क्यूआर कोड इंटीग्रेट किया जाएगा। इससे यात्री अपने स्मार्टफोन से स्कैन करके तुरंत भुगतान कर सकेंगे।
छुट्टे पैसे की परेशानी होगी खत्म
यात्रियों के अनुसार, सबसे अधिक समस्या उन रूटों पर होती है जहां किराया राउंड फिगर में नहीं होता, जैसे ₹5, ₹25 या ₹35। अक्सर यात्रियों या परिचालकों के पास खुले रुपये नहीं होते, जिससे यात्रियों को या तो अतिरिक्त भुगतान करना पड़ता है या विवाद की स्थिति बनती है।
नई यूपीआई सुविधा से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि रोडवेज परिचालकों को भी छुट्टे पैसे रखने की झंझट से छुटकारा मिलेगा।