चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने नमो भारत ट्रेन के पहले चरण में दिल्ली से रेवाड़ी के बावल तक रूट विस्तार को मंजूरी दे दी है। इससे पहले यह ट्रेन केवल दिल्ली से धारूहेड़ा तक ही चलती थी, लेकिन अब ट्रेन का संचालन बावल तक होने से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। योजना के तहत ट्रेन दिल्ली से गुड़ग्राम होते हुए राजस्थान के शाहजहांपुर तक चलाने की भी तैयारी में है।
हरियाणा रैपिड मेट्रो ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन ने इस निर्णय के संदर्भ में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) को पत्र भेजा है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि 18 सितंबर को हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया कि ट्रेन का संचालन धारूहेड़ा तक सीमित न रहे, बल्कि इसे बावल तक बढ़ाया जाए। उन्होंने इस प्रस्ताव के समर्थन में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर को भी पत्र लिखा था।
HMRTC के एमडी डॉक्टर चंद्रशेखर खरे ने NCRTC को भेजा पत्र
राव इंद्रजीत सिंह की मांग के बाद, 26 सितंबर को HMRTC के प्रबंध निदेशक डॉ. चंद्रशेखर खरे ने NCRTC को पत्र लिखकर ट्रेन के संचालन को धारूहेड़ा से बावल तक बढ़ाने की मंजूरी दी। पत्र में यह स्पष्ट किया गया कि फिलहाल ट्रेन केवल बावल तक ही चलेगी और भविष्य में इसके विस्तार का खर्च हरियाणा सरकार वहन नहीं करेगी। बावल हरियाणा का महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्र है, इसलिए यहां यात्रियों की संख्या अधिक रहती है।
स्टेशन की जानकारी
नमो भारत ट्रेन के लिए दिल्ली में सराय काले खां, INA, मुनिरका और एरो सिटी में स्टेशन बनाए जाएंगे। गुरुग्राम में साइबर सिटी, इफको चौक, राजीव चौक, हीरो होंडा चौक, खेड़की दौला, मानेसर, पचगांव, बिलासपुर चौक, धारूहेड़ा, रेवाड़ी और बावल में भी स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इनमें से गुरुग्राम के चार स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे।
इस रूट विस्तार से त्योहारी सीजन में दिल्ली और हरियाणा के बीच यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी और यात्रा समय में भी कटौती होगी।