नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद से मुलाकात की और व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और लोगों के बीच संबंधों के क्षेत्र में भारत-कनाडा सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि बैठक के दौरान मोदी ने जून में कनाडा यात्रा को याद किया और जी7 शिखर सम्मेलन में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ हुई बातचीत को “बेहद सार्थक” बताया।
बयान में आगे कहा गया, “प्रधानमंत्री मोदी ने व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि और लोगों के बीच संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के लिए हुए सहयोग का जिक्र किया। उन्होंने कार्नी के साथ आगामी मुलाकातों की प्रतीक्षा व्यक्त की।” अनीता आनंद रविवार शाम नई दिल्ली पहुंची थीं और वह अपनी तीन देशों की यात्रा के क्रम में चीन और सिंगापुर भी जाएंगी।
2023 में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत की संभावित भूमिका को लेकर तत्कालीन कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के आरोपों के बाद दोनों देशों के संबंध खराब हो गए थे।
हालांकि, अप्रैल में संसदीय चुनावों में मार्क कार्नी की लिबरल पार्टी की जीत और प्रधानमंत्री बनने के बाद दोनों देशों ने संबंध सुधारने के कई कदम उठाए। जून में जी7 शिखर सम्मेलन में मोदी और कार्नी की बातचीत ने द्विपक्षीय संबंधों में गर्मजोशी लौटाई है।