पानीपत | पानीपत की मुखीजा कालोनी में नौंवी कक्षा के छात्र मयंक ने स्कूल में शिक्षकों द्वारा की गई प्रताड़ना से तंग आकर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र पार्वती स्कूल, पीपल वाली गली नंबर 8 का विद्यार्थी था।
परिवार ने बताया कि मयंक के कक्षा में एक सप्ताह पहले अन्य छात्रों के साथ किसी मामूली विवाद के चलते झगड़ा हो गया था। बड़े भाई ने स्कूल जाकर मामला सुलझाने की कोशिश की, जिसे महिला शिक्षक ने समझा कर हल कर दिया था। इसके बावजूद, मयंक को कक्षा में अन्य छात्रों के सामने शिक्षक द्वारा अधिक डांट मिलने से वह गहरे आहत हो गया और घर लौटकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पानीपत की सिविल अस्पताल भेजा। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम करवाया। फिलहाल, पुलिस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है। परिजन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।