लाढ़ौत, रोहतक | इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने एएसआई संदीप लाठर की आत्महत्या मामले में मुख्यमंत्री नायब सैनी पर सीधे निशाना साधा। चौटाला ने कहा, “मुख्यमंत्री सिर्फ मौके पर आए, पर न्याय करने की बजाय जाट समुदाय की सहानुभूति लेने पहुंचे। अगर वे न्याय करने आए होते, तो अब तक मामले में कार्रवाई हो जाती। सरकार को इस मामले की सीबीआई से जांच, हाईकोर्ट के जज की निगरानी में करानी चाहिए।”
चौटाला ने कहा कि अधिकारियों और नेताओं के कर्तव्य में लापरवाही के कारण ही संवेदनशील मामलों में आम जनता का भरोसा कमजोर होता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार और मुख्यमंत्री की भूमिका केवल दिखावे तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।