पटना | बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बुधवार रात महागठबंधन सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने से पहले ही अपने कुछ उम्मीदवारों की घोषणा शुरू कर दी। पार्टी की बिहार इकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर यह घोषणा की।
सूचना के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम कुटुम्बा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने आधिकारिक सूची जारी किए बिना ही उम्मीदवारों के नाम और उनके पार्टी नामांकन प्रमाण पत्र की तस्वीरें पोस्ट की हैं।
कांग्रेस नेतृत्व अब भी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और अन्य गठबंधन सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत कर रहा है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ जब राजद नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को राघोपुर विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 17 अक्टूबर, जबकि दूसरे चरण के लिए 20 अक्टूबर है।
राजेश राम ने कुटुम्बा सीट से उम्मीदवार बनाए जाने पर कांग्रेस नेतृत्व का धन्यवाद किया। बिहार कांग्रेस ने भी सभी उम्मीदवारों को उनके नामांकन पर बधाई दी।
कांग्रेस उम्मीदवारों की शुरुआती सूची इस प्रकार है:
- वजीरगंज: शशि शेखर सिंह
- नालंदा: कौशलेंद्र कुमार उर्फ छोटे मुखिया
- बरबीघा: त्रिशूलधारी सिंह
- राजापाकड़: प्रतिमा दास
- गोविंदगंज: शशि भूषण राय उर्फ गप्पू राय
- मुजफ्फरपुर: विजेंद्र चौधरी
- गोपालगंज: ओम प्रकाश गर्ग
- अमरपुर: जितेंद्र सिंह
- बेगूसराय: अमिता भूषण
- सुल्तानगंज: ललन कुमार
- रोसड़ा: बी के रवि
- बछवाड़ा: प्रकाश गरीब दास (बिहार युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष)
- औरंगाबाद: आनंद शेखर सिंह