भिवानी | मनीषा मौत मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए सीबीआई अधिकारी मंगलवार शाम मनीषा के घर छठी बार पहुंचे। अधिकारियों ने मनीषा के पिता संजय को भरोसा दिलाया कि आरोपी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, सच्चाई उजागर की जाएगी।
पिछले नौ दिनों में सीबीआई ने संजय से दो बार दो-दो घंटे लंबी पूछताछ की है। इस दौरान टीम ने पुराने सवाल दोहराए और कुछ नए भी पूछे। संजय ने बताया कि जांच अभी भी मनीषा के कॉलेज और उसके आसपास केंद्रित है।
सीबीआई ने एम्स, पीजीआई रोहतक और भिवानी सामान्य अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया है और स्पष्ट किया है कि मनीषा की मौत हत्या का मामला है। जल्द ही हत्यारों का पता लगाया जाएगा।
संजय के अनुसार, पूछताछ के दौरान मनीषा की रोज़ाना स्कूल और कॉलेज बस की टाइमिंग, 11 अगस्त के आसपास उसके व्यवहार में बदलाव और शव मिलने के समय व परिस्थितियों जैसे सवाल पूछे गए। हालांकि नए सवालों की जानकारी संजय ने साझा नहीं की।
उन्होंने बताया कि अधिकारियों से बातचीत के बाद उन्हें उम्मीद है कि सीबीआई मामले के बहुत करीब पहुंच चुकी है। संजय ने दोहराया कि मनीषा के साथ हुई घटना उसके शिक्षण संस्थानों से संबंधित हो सकती है और न्याय जल्द ही मिलेगा।