हरियाणा | हरियाणा के नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक (DGP) ओपी सिंह ने पुलिसकर्मियों को प्रेरित करने के लिए एक मोटिवेशनल लेटर जारी किया है। लेटर में डीजीपी ने कतील शिफाई का शेर भी उद्धृत किया है: “वो मेरा दोस्त है सारे जहां को है मालूम, दगा करे वो किसी से तो शर्म आए मुझे।”
डीजीपी ने अपने लेटर में पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि समाज में ऐसा माहौल बनाएं कि “शेर और बकरी एक ही घाट पर पानी पी सकें”, और सभी नागरिक सुरक्षित महसूस करें।
लेटर में ओपी सिंह ने शहीद पुलिसकर्मियों को नमन करते हुए कहा कि हमारे देश और हरियाणा की सुरक्षा के लिए अब तक 84 पुलिसकर्मी वीरगति को प्राप्त हुए हैं। उन्होंने लिखा कि उनके बलिदान को हम सदा याद रखेंगे।
डीजीपी ने पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी को स्पष्ट करते हुए कहा कि हिंसा और छलावा समाज का स्वभाव हैं, लेकिन पुलिस का काम अपराधियों को रोकना और कानून का पालन सुनिश्चित करना है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस के प्रभावी कामकाज से समाज व्यवस्थित होता है, कारोबार और रोजगार को बढ़ावा मिलता है, और देश आत्मनिर्भर बनता है।
ओपी सिंह ने अपने लेटर में अपनी मंशा व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी अपने आचरण और व्यवहार से दूसरों के लिए प्रेरणा और विश्वास का स्त्रोत बनें। उन्होंने लिखा कि लोगों ने पीढ़ियों तक संघर्ष झेला है, और अब पुलिस उनसे सुरक्षा, संरक्षण और सहयोग प्रदान करे।
डीजीपी ने कहा कि इतिहास के इस दौर में पुलिस को राष्ट्र-निर्माण में अग्रणी भूमिका निभानी है, और सही एवं गलत में हमेशा सही का पक्ष लेना होगा, चाहे कीमत जो भी चुकानी पड़े।