नई दिल्ली | सोने और चांदी के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सोमवार को 10 ग्राम सोना 1,31,800 रुपए और एक किलो चांदी 1,82,000 रुपए तक पहुँच गया। कीमतों में यह उछाल होने के बावजूद मुंबई के जवेरी बाजार में खरीदारों की भीड़ कम नहीं हो रही है। कुछ लोग तो मौजूदा दाम से 30,000 रुपए तक अधिक देने को तैयार हैं।
सूत्रों के मुताबिक, तेज डिमांड और सट्टेबाजी के कारण कॉमर्स मंत्रालय ने स्थिति पर नज़दीकी निगरानी शुरू कर दी है। मंत्रालय यह पता लगाने में जुटा है कि विदेश से भारी मात्रा में आयात हुई चांदी आखिर कहां गई और क्या इसे किसी ने बड़े पैमाने पर स्टॉक किया है।
ऑल इंडिया जेम्स एंड जूलरी डोमेस्टिक काउंसिल के चेयरमैन राजेश रोकड़े ने कहा, “बाजार फिलहाल पैनिक मोड में है। बिक रहे विक्रेता मनमाने दाम वसूल रहे हैं। खरीदारों की सुविधा के लिए प्री-बुकिंग शुरू की गई है।”
दिल्ली के ऑल इंडिया जूलरी एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने बताया कि मांग बहुत अधिक बढ़ गई है, लेकिन जल्द ही बाजार की स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।