पाकिस्तान | पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। मलाकंद जिले के स्वात मोटरवे पर एक सुरंग के पास ट्रक के पलट जाने से एक ही परिवार के कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। मृतक और घायल सभी स्वात के बहरीन तहसील के जिब्राल इलाके के खानाबदोश परिवार से थे, जो मौसमी प्रवास के दौरान सफर कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायलों और मृतकों को बटखेला के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 15 लोगों को मृत घोषित किया।
गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए स्वात के अस्पताल रेफर किया गया है। बचाव अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।