चंडीगढ़ | मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार के कार्यकाल का आज पहला वर्ष पूरा हो गया है। सरकार ने दावा किया है कि विधानसभा चुनाव से पहले जनता से किए गए 217 संकल्पों में से 46 को पूरा किया जा चुका है, जबकि 158 संकल्पों पर काम तेजी से प्रगति पर है। इसके अलावा, इस वित्त वर्ष में 90 से अधिक संकल्प पूरे किए जाने का लक्ष्य तय किया गया है।
पहली वर्षगांठ के मौके पर राज्य सरकार शुक्रवार को कई बड़ी सौगातें देने जा रही है। इसके लिए पंचकूला में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूद रहेंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री, कैबिनेट मंत्री और सांसद अपने-अपने क्षेत्रों से इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
इस अवसर पर सरकार मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना-2.0 के तहत करीब 9 हजार लाभार्थियों को आवासीय प्लॉट के अलॉटमेंट लेटर वितरित करेगी। इसके अलावा 500 से अधिक फ्लैटों का वितरण भी किया जा सकता है। साथ ही, राज्य की पंचायतों को करोड़ों रुपये की ग्रांट जारी किए जाने की भी तैयारी है।
सरकार का कहना है कि यह वर्ष जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने और विकास के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है।