चंडीगढ़ | आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार आत्महत्या मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को पीजीआई की ओर से पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट सौंप दी गई है। हालांकि फाइनल रिपोर्ट अभी बाकी है, लेकिन एसआईटी सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती रिपोर्ट में मौत का कारण आत्महत्या ही बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, गोली लगने से आंतरिक अंग क्षतिग्रस्त हुए, जिससे उनकी मृत्यु हुई।
इधर, गुरुवार को पूरन कुमार का परिवार अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार गया था। परिवार के हरिद्वार में होने के कारण एसआईटी किसी भी सदस्य का बयान दर्ज नहीं कर पाई। परिवार ने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हरिद्वार में अस्थियां विसर्जित कीं।
इसी दिन 51 सदस्यीय समिति की बैठक भी चंडीगढ़ में प्रस्तावित थी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जानी थी, लेकिन परिवार की अनुपस्थिति के चलते बैठक टाल दी गई।