फतेहगढ़ साहिब | अमृतसर से सहरसा जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। घटना में एक महिला झुलस गई, जिसे उपचार के लिए फतेहगढ़ साहिब के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एस.एस.पी. शुभम अग्रवाल ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग बुझाने के लिए चार फायर ब्रिगेड टीमों को लगाया गया।
प्रारंभिक जांच में बताया गया है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। हालांकि, इस हादसे में कोई अन्य जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया। सभी यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।