नई दिल्ली | ब्रिटेन सरकार ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यक धार्मिक समुदायों के प्रति बढ़ती हिंसा और उत्पीड़न की कड़ी निंदा की है और कहा है कि वह देश में लोकतांत्रिक बदलाव की प्रक्रिया का समर्थन करती है। यह बयान ब्रिटिश संसद के निचले सदन ‘हाउस ऑफ कॉमंस’ में गुरुवार को जारी किया गया।
बयान बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर उत्पीड़न को उजागर करने वाली हालिया रिपोर्ट के प्रकाश में आया है, जिसे विपक्षी सांसद बॉब ब्लैकमैन ने ब्रिटिश संसद में प्रस्तुत किया। ब्लैकमैन, जो ब्रिटिश हिंदुओं के सर्वदलीय संसदीय समूह (APPG) के अध्यक्ष भी हैं, ने बताया कि दिवाली से पहले जारी रिपोर्ट में समुदाय पर हो रहे हमलों और भेदभाव की जानकारी दी गई है।
हाउस ऑफ कॉमन्स के नेता सर एलन कैंपबेल ने कहा, “हम अल्पसंख्यकों के खिलाफ किसी भी तरह की हिंसा या घृणा की घटनाओं की पूरी तरह निंदा करते हैं। हम बांग्लादेश में शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक बदलाव के लिए अंतरिम सरकार का समर्थन करते हैं और धार्मिक स्वतंत्रता की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
हालांकि, ब्लैकमैन की मांग के बावजूद, कैंपबेल ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ब्रिटेन की ओर से किसी विशिष्ट कार्रवाई का आश्वासन नहीं दिया।