Summer express, नई दिल्ली | घरेलू बाजार में कमजोर मांग के चलते शुक्रवार को सर्राफा बाजार में कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। चांदी की कीमत में बड़ी कमी देखने को मिली, जबकि सोना भी नरमी के साथ बंद हुआ।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत 5,700 रुपए यानी करीब 2.2 प्रतिशत गिरकर 2,53,000 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर आ गई। वहीं, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,600 रुपए की गिरावट के साथ 1,56,200 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।
विशेषज्ञों के मुताबिक, बाजार में सुस्ती और निवेशकों की सतर्कता के चलते कीमतों पर दबाव बना रहा। एलकेपी सिक्योरिटीज के जिंस एवं मुद्रा विश्लेषण विभाग के उपाध्यक्ष जतीन त्रिवेदी ने कहा कि वैश्विक हालात और सप्ताहांत से पहले अहम घटनाक्रमों की प्रतीक्षा में बाजार सीमित दायरे में बना हुआ है।
उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है और किसी भी अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर बाजार तेजी से प्रतिक्रिया दे सकता है।
वैश्विक बाजार की बात करें तो हाजिर सोना हल्की गिरावट के साथ 4,786.90 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जबकि चांदी में 1.12 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई और यह 79.28 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।