Summer express, कुरुक्षेत्र | बीटेक द्वितीय वर्ष की छात्रा दीक्षा दुबे द्वारा आत्महत्या किए जाने के एक दिन बाद ही शुक्रवार देर रात एक और छात्रा ने आत्महत्या का प्रयास किया। यह घटना रात करीब 12 बजे कल्पना छात्रावास में सामने आई, जहां छात्रा ने हॉस्टल की बालकनी से कूदने की कोशिश की, लेकिन समय रहते सहपाठियों ने उसे रोक लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से छात्रा को अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। एक अन्य छात्र के अनुसार, सीएसई विभाग की प्रथम वर्ष की छात्रा बालकनी से कूदने का प्रयास कर रही थी, तभी कुछ छात्रों ने उसे देख लिया और तुरंत बचा लिया।
फिलहाल आत्महत्या के प्रयास के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं, सोशल मीडिया पर एक कथित व्हाट्सएप संदेश भी वायरल हो रहा है, जिसमें लिखा है कि “मेरी जिंदगी का कोई मकसद नहीं, मैं सुसाइड कर लेती हूं।” हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस संदेश की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
यूनिवर्सिटी थाना प्रभारी विशाल कुमार ने बताया कि छात्रा को समय रहते बचा लिया गया और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच जारी है।