Shimla, Sanju
दीपावली के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला स्थित बालिका आश्रम और नारी सेवा सदन का दौरा किया। उन्होंने वहां रह रही बालिकाओं के साथ दीपावली मनाई, उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं और मिठाई व उपहार वितरित किए।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस दौरान कहा कि राज्य सरकार अनाथ और निराश्रित बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के तहत सरकार ऐसे बच्चों की 27 वर्ष की आयु तक शिक्षा और देखभाल की पूरी जिम्मेदारी निभा रही है। उन्होंने कहा कि ये बच्चे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और राज्य के संसाधनों पर उनका पूरा अधिकार है।मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वस्त किया कि 12वीं कक्षा के बाद भी सरकार इन बच्चों की उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा का पूरा खर्च वहन करेगी, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।