रोहतक | हरियाणा रोडवेज ने रोहतक से पांच प्रमुख धार्मिक स्थलों – वृंदावन, मेहंदीपुर, बालाजी, हरिद्वार और हल्द्वानी – के लिए 5 नई एयर कंडीशंड (AC) बसों का शुभारंभ किया। इन बसों के माध्यम से श्रद्धालु आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा कर सकेंगे।
बसों का उद्घाटन मेयर रामअवतार वाल्मीकि, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, डीसी सचिन गुप्ता और रोडवेज के जनरल मैनेजर विपिन कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।
मेयर ने यात्रियों की सुविधा पर दिया जोर
मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने कहा कि सरकार लगातार जनकल्याण और सुविधाओं को बढ़ाने के लिए नई परियोजनाओं को लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि रोहतक डिपो से शुरू हुई ये AC बसें यात्रियों को आरामदायक सफर उपलब्ध कराएंगी। किराया सामान्य बसों की तुलना में केवल 50 रुपए अधिक रखा गया है, ताकि यह यात्रियों के बजट में फिट बैठ सके।
5 प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए सेवा विवरण
रोडवेज GM विपिन कुमार ने बताया कि ये बसें प्रतिदिन रवाना होंगी और अगले दिन वापसी करेंगी। रोहतक से वृंदावन का किराया 357 रुपए निर्धारित किया गया है। बसें दोपहर 12:10 बजे रोहतक से रवाना होंगी और वृंदावन से सुबह 5 बजे वापसी करेंगी।
छठ पूजा के लिए विशेष इंतजाम
विपिन कुमार ने बताया कि छठ पूजा के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बस सेवा और कर्मचारियों की ड्यूटी बढ़ाई जाएगी। सिटी बसों को भी बढ़ती मांग के अनुसार सड़कों पर उतारा जाएगा। वृंदावन और हरिद्वार रूट पर यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण इन रूटों पर AC बसें लंबी दूरी पर चलाई जाएंगी। इस पहल से धार्मिक स्थलों की यात्रा और सुगम, सुरक्षित और आरामदायक होगी, जिससे श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।