चंडीगढ़ | हरियाणा स्टेट गेम्स 2025 में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अब इस प्रतियोगिता के सर्टिफिकेट के आधार पर स्पोर्ट्स ग्रेडेशन सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा। इस संबंध में खेल विभाग के प्रधान सचिव ने हरियाणा ओलंपिक संघ (HOA) को आधिकारिक पत्र जारी किया है।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि विभाग के संज्ञान में यह बात आई है कि 2 से 8 नवंबर तक पंचकूला में होने जा रहे हरियाणा स्टेट गेम्स के प्रचार में यह दावा किया जा रहा है कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को ग्रेडेशन का लाभ दिया जाएगा। खेल विभाग ने इस दावे को भ्रामक करार देते हुए स्पष्ट किया है कि स्टेट गेम्स के प्रमाण पत्र हरियाणा सरकार की 15 नवंबर 2018 की अधिसूचना के अनुसार ग्रेडेशन के लिए मान्य नहीं हैं।
विभाग ने कहा कि केवल वही खेल प्रतियोगिताएं ग्रेडेशन के लिए मान्यता प्राप्त हैं, जिन्हें विभाग द्वारा स्वीकृत और अधिसूचित किया गया है। हालांकि हरियाणा स्टेट गेम्स बड़े स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं, लेकिन फिलहाल यह प्रतियोगिता मान्य प्रतियोगिताओं की सूची में शामिल नहीं है। ऐसे में इस आयोजन के प्रमाण पत्र पर किसी खिलाड़ी को ग्रेडेशन लाभ या खेल कोटे में नौकरी का फायदा नहीं मिलेगा।
खेल विभाग ने खिलाड़ियों को सलाह दी है कि वे किसी भी टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से पहले उसकी मान्यता और पात्रता नियम अवश्य जांच लें, ताकि भविष्य में ग्रेडेशन या रोजगार से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की परेशानी या भ्रम की स्थिति न बने। विभाग ने यह पत्र खेल मंत्री, महानिदेशक खेल विभाग और अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) को भी भेजा है।