जींद | जींद के अलेवा क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां 18 वर्षीय नवविवाहित महिला हीना (उत्तर प्रदेश निवासी) की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर निगलने से मौत हो गई। मृतका ने तीन महीने पहले लव मैरिज की थी और शादी के बाद जींद के गांव चूहड़पुर में अपने ससुराल परिवार के साथ रह रही थी।
जानकारी के अनुसार, हीना के पति कलीम के परिवार ने गांव में अमरूद के बाग का ठेका लिया हुआ था। मंगलवार को हीना ने अचानक जहर निगल लिया। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
हीना की बहन रूबिना ने आरोप लगाया है कि हीना को उसके ससुरालजनों ने जबरदस्ती जहर दिया। वहीं, अलेवा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भेजा और दोनों पक्षों में अस्पताल में बहस भी हुई।
अलेवा थाना प्रभारी आत्मा राम ने बताया कि मृतका के परिजनों ने अभी किसी पर कोई आरोप नहीं लगाए हैं। पुलिस ने इत्तेफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच जारी रखे हुए है।