Kangra, Sanjeev
लोहारपुरा पंचायत के देवभराड़ी वार्ड नंबर-1 में चक्की दरिया के पास गुरुवार देर शाम वन विभाग की टीम ने एक तेंदुए के बच्चे को कांटेदार तार से सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। खेत में फंसे शावक को देखकर ग्रामीणों ने तुरंत पंचायत प्रधान को सूचना दी, जिसके बाद वन्य प्राणी विभाग और वन मंडल नूरपुर की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
आरओ जगजीत चावला ने बताया कि जमींदार प्रकाश चंद के खेत में तेंदुए का बच्चा तार में फंसा हुआ पाया गया था। सूचना मिलते ही टीम ने ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर हटाया और वन्य प्राणी विभाग की मेडिकल टीम को बुलाया गया। देर शाम शावक को सुरक्षित निकाल लिया गया और स्वास्थ्य जांच के लिए वन विभाग के केंद्र ले जाया गया।प्रकाश चंद ने बताया कि खेत में काम करते समय उन्हें किसी जानवर की कराह सुनाई दी। पास जाकर देखा तो एक तेंदुए का बच्चा तार में उलझा हुआ था। उन्होंने तुरंत पंचायत प्रधान को सूचना दी।
स्थानीय निवासी बलविंदर सिंह ने कहा कि वन विभाग की तत्परता से बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सतर्क रहें क्योंकि तेंदुए की मां आसपास हो सकती है।पिछले कुछ दिनों से नूरपुर विधानसभा क्षेत्र की पंचायतों सिम्बली, सुलयाली और लोहारपुरा के कुछ गांवों में तेंदुए द्वारा पशुओं पर हमलों की घटनाएं सामने आ रही थीं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम की मांग की थी।वन मंडल नूरपुर ने लोगों से जंगलों या खेतों के आसपास जाते समय सतर्क रहने की अपील की है।