लुधियाना। आदर्श नगर इलाके में 21 अक्टूबर की रात दो लोगों के बीच झगड़ा सुलझाने गए एक युवक पर तेजाब फेंक दिया गया, जिससे उसका हाथ और कान झुलस गए। घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद थाना डिवीजन नंबर सात की पुलिस ने मामले में लगभग 15 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपितों में विपन, श्याम बाबू, श्याम बाबू का बेटा और भांजा, बंटी और 8-10 अज्ञात लोग शामिल हैं। पुलिस ने सभी की तलाश शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता दिनेश शर्मा ने बताया कि रात करीब 11 बजे उनका तीन वर्षीय बेटा गली में पटाखे जला रहा था। दिनेश और उनका दोस्त अमित कुमार भी बेटे के पास खड़े थे, तभी दो व्यक्तियों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।
दिनेश का आरोप है कि जब उन्होंने झगड़ा रोकने की कोशिश की, तो आरोपितों ने उन पर भी हमला कर दिया। इसी दौरान किसी ने अंदर से तेजाब की बोतल निकालकर दिनेश के दोस्त पर फेंक दी, जिससे उसका हाथ और कान झुलस गए। घटना के बाद मोहल्लेवासियों ने पुलिस को सूचना दी और जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।