जींद | साइबर सेल के एएसआई संदीप लाठर आत्महत्या मामले में नई CCTV फुटेज सामने आई है। ताज़ा वीडियो में संदीप 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजकर 43 मिनट पर अकेले स्कूटर पर सवार होकर लाढ़ौत गांव की ओर जाते दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर यह स्पष्ट होता है कि घटना के समय उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। जांच टीम यह वीडियो अपने साथ लेकर गई है।
आज जुलाना स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में संदीप लाठर की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जा रही है, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के विशेष प्रबंध किए गए हैं।
एएसआई संदीप लाठर के ममेरे भाई संजय लाढ़ौत ने बताया कि डीएसपी दलीप सिंह के नेतृत्व में गठित एसआईटी (विशेष जांच दल) ने रोहतक से लाढ़ौत तक पूरे रूट के सीसीटीवी कैमरों की जांच की है। जांच टीम संदीप के दफ्तर भी पहुंची थी और वहीं से महत्वपूर्ण सीसीटीवी रिकॉर्डिंग अपने कब्जे में ली है।
संजय लाढ़ौत ने कहा कि परिवार अब तक की जांच प्रक्रिया और सरकार के रुख से संतुष्ट है। उन्होंने बताया कि कई खाप नेता और सामाजिक संगठनों ने परिवार से संपर्क किया, लेकिन परिवार ने स्पष्ट किया है कि वह इस मामले को राजनीतिक रंग नहीं देना चाहता और न ही किसी जातिगत बयानबाज़ी का हिस्सा बनेगा।
उन्होंने कहा, “परिवार नहीं चाहता कि हरियाणा में 2016 जैसा तनावपूर्ण माहौल दोबारा पैदा हो। हम 36 बिरादरी के बीच भाईचारे को और मजबूत होते देखना चाहते हैं।”
संजय ने यह भी कहा कि जैसे उनका परिवार संदीप लाठर की मौत से आहत है, उसी तरह एडीजीपी वाई. पूरण कुमार के निधन से उनका परिवार भी दुखी है। उन्होंने मांग की कि सरकार एक संयुक्त जांच कमेटी गठित करे, जिसमें दोनों परिवारों के प्रतिनिधि शामिल हों। साथ ही दोनों परिवारों की संपत्ति और मामले से जुड़े तथ्यों की निष्पक्ष जांच करवाई जाए।