बाढड़ा | बाढड़ा के जुई रोड स्थित एक निजी अस्पताल में सीएम फ्लाइंग रोहतक टीम ने छापेमारी कर भारी अनियमितताओं का खुलासा किया। टीम को मौके पर न तो लैब का लाइसेंस मिला और न ही योग्य चिकित्सक मौजूद था। जांच के दौरान अस्पताल में उपयोग की जा रही दवाइयों को सील कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मौके से लैब संचालित करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है।
छापेमारी के दौरान टीम ने जब टेस्ट लैब से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो अस्पताल प्रबंधन कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। रजिस्टर की जांच में यह भी सामने आया कि अस्पताल में बिना एमबीबीएस डॉक्टर के ही उपचार किया जा रहा था। यहां एक बीएएमएस चिकित्सक हड्डी रोग, वायरल बुखार, श्वांस संबंधी रोगों सहित अन्य जटिल बीमारियों का इलाज कर रहा था, जो नियमों के खिलाफ है।
सीएम फ्लाइंग प्रभारी सब-इंस्पेक्टर पूनम, चिकित्सक दयाल और एएसआई सोमबीर सिंह ने बताया कि अस्पताल बिना अनुमोदन संचालित किया जा रहा था। न तो वैध रजिस्टर्ड लैब लाइसेंस था और न ही मरीजों की सुरक्षा के लिए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं। टीम ने बताया कि अस्पताल में मनमर्जी से टेस्ट और उपचार किए जा रहे थे, जो गंभीर लापरवाही है।