रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद होते दिख रहे हैं। मॉडल टाउन थाना क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों ने एक बस मालिक के दफ्तर में धावा बोलकर उन्हें बसें जलाने और जान से मारने की धमकी दी। यह पूरा मामला बावल औद्योगिक क्षेत्र में बसों के रूट ऑपरेशन को लेकर विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
पीड़ित बस मालिक के अनुसार, रविवार देर शाम 5–6 बदमाश उनके कार्यालय में पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने दबंगई दिखाते हुए कहा कि अगर उनकी बसें बावल इंडस्ट्रियल एरिया में किसी कंपनी में चलती दिखाई दीं, तो उन्हें आग के हवाले कर दिया जाएगा और विरोध करने पर जान से मार दिया जाएगा।
सूत्रों का दावा है कि इस धमकी के पीछे एक कुख्यात गैंगस्टर के भाई का नाम सामने आ रहा है, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही रेवाड़ी पुलिस हरकत में आई और मॉडल टाउन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी आईपीएस हेमेंद्र ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल रंगदारी के कोण की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है।
एसपी ने स्पष्ट किया कि औद्योगिक क्षेत्र में बस संचालन को लेकर विवाद प्राथमिक कारण प्रतीत हो रहा है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि जिले में अपराधियों को पैर पसारने नहीं दिया जाएगा और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।