झज्जर | सागर धनखड़ हत्याकांड में मुख्य आरोपी और अंतरराष्ट्रीय पहलवान सुशील कुमार की कानूनी मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। झज्जर पुलिस ने हथियार उपलब्ध कराने से जुड़े मामले में सुशील कुमार को अगले सप्ताह प्रोडक्शन वारंट पर अदालत में पेश कराने की तैयारी शुरू कर दी है। इसकी पुष्टि डीसीपी क्राइम अमित दहिया ने की है।
इस मामले की कड़ी तब जुड़ी जब पुलिस ने सितंबर माह में छुछकवास निवासी विशाल उर्फ चोटीवाला बिरोहड़ को संदिग्ध परिस्थितियों में गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उसके पास से इटली निर्मित पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। पुलिस रिमांड में पूछताछ के दौरान विशाल ने बड़ा खुलासा किया था कि उसने यह हथियार सुशील कुमार के कहने पर उपलब्ध कराए थे।
आरोपी ने बताया कि उसका सुशील कुमार से परिचय 2014 में छत्रसाल स्टेडियम में हुआ था। वह अंडर-19 नेशनल स्तर पर खेल चुका है और सहरावत गोत्र से संबंध रखता है, जबकि सुशील की पत्नी भी इसी गोत्र से हैं। इसी वजह से उसका अक्सर बापरौला गांव में सुशील के घर आना-जाना रहता था।
पूछताछ में विशाल ने यह भी बताया कि मई माह में रोहिणी कोर्ट पेशी के दौरान सुशील ने इशारा करते हुए उससे एक गाड़ी से पिस्टल और 20 कारतूस लाने को कहा था। हथियार सौंपने के बाद उसने गांव में लौटकर करीब एक दर्जन गोलियां हवाबाजी में चला दी थीं।
गौरतलब है कि सुशील कुमार सागर हत्याकांड में न्यायिक हिरासत में हैं। उन्हें 4 मार्च को दिल्ली हाईकोर्ट से जमानत मिली थी, लेकिन 13 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने उनकी जमानत रद्द करते हुए उन्हें फिर जेल भेजने के आदेश दिए थे।
झज्जर पुलिस पहले भी इस मामले में अदालत में प्रोडक्शन वारंट के लिए आवेदन कर चुकी है, जिसे अब मंजूरी मिल गई है। पुलिस जल्द ही सुशील कुमार को हथियार सप्लाई मामले में भी पूछताछ के लिए कस्टडी में लेगी।