हरियाणा | हरियाणा के करनाल जिले से अवैध तरीके से विदेश जाने का एक और मामला सामने आया है। अमेरिका से डिपोर्ट किए गए जिले के 16 युवकों को पुलिस सुरक्षा में करनाल लाया गया, जहां उन्हें आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, ये सभी युवक लाखों रुपये खर्च करके गैर-कानूनी तरीके से अमेरिका पहुंचे थे, लेकिन अमेरिकी एजेंसियों ने उनकी एंट्री को अवैध मानते हुए उन्हें वापस भारत भेज दिया। सभी deported युवकों को लेकर विमान बीती रात दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा, जहां से कड़ी निगरानी में सीएम फ्लाइंग की टीम उन्हें करनाल लाई।
इस बारे में जानकारी देते हुए डीएसपी हेडक्वार्टर संदीप ने बताया:
“सभी युवक सुरक्षित हैं। उन्हें दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके परिवारों के हवाले कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये युवक संभवतः अवैध तरीके से अमेरिका भेजे गए थे। इस मामले की विस्तृत जांच जारी है।”
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन युवकों को विदेश भेजने में किन एजेंटों की भूमिका थी और क्या मानव तस्करी का मामला बनता है।