करनाल। छठ पूजा के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई। चढ़ते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान एक व्यक्ति पश्चिमी यमुना नहर में डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया गया। हालांकि खबर लिखे जाने तक व्यक्ति का पता नहीं चल सका था।
जानकारी के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब सदर बाज़ार निवासी संतोष यादव नहर में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह तेज धार में बहते हुए गहरे पानी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
संतोष यादव की बेटी ने बताया कि हादसे के वक्त उन्होंने लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने भी आगे बढ़कर सहायता नहीं की। उन्होंने कहा— “हमने पापा को डूबते देखा और चिल्लाकर मदद भी मांगी, लेकिन वहां मौजूद लोग बस तमाशा देखते रहे।”
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस जांच अधिकारी महावीर ने बताया कि जानकारी मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया था। गोताखोर लगातार नहर में तलाश कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।