यमुनानगर | सीएम फ्लाइंग टीम ने मंगलवार को श्रम कल्याण विभाग कार्यालय यमुनानगर पर आकस्मिक छापेमारी की, जिससे विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने कार्यालय पहुंचकर हाजिरी रजिस्टर कब्जे में लिया और उपस्थिति की जांच की। जांच में पता चला कि निर्धारित समय के दौरान कार्यालय में केवल चार कर्मचारी मौजूद थे।
जांच के दौरान कुछ कर्मचारी वेरिफिकेशन कार्य के लिए फील्ड में तैनात पाए गए, जबकि दो कर्मचारी बिना किसी अनुमोदन के ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। टीम ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए रिपोर्ट तैयार की।
सीएम फ्लाइंग के अधिकारी ने बताया कि छापेमारी का उद्देश्य 90 दिन वर्क स्लिप योजना की पारदर्शिता की जांच करना था। यह देखा गया कि:
- योजना के लाभार्थियों को सही तरीके से लाभ मिल रहा है या नहीं,
- किन मजदूरों को लाभ दिया गया है,
- योजना में किसी प्रकार की गड़बड़ी या फर्जीवाड़ा तो नहीं हो रहा।
अधिकारी के अनुसार जांच के लिए लाभार्थियों की सूची (रिकॉर्ड) मंगवाई गई है। दस्तावेजों की गहन जांच के बाद गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
टीम के अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि ड्यूटी से बिना कारण अनुपस्थित दो कर्मचारियों के खिलाफ विभाग को रिपोर्ट भेजी जाएगी और अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी।