लुधियाना | शहर के हैबोवाल क्षेत्र से नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने और दो दिनों तक बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है। पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर घर पहुंची, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए परिवार ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना हैबोवाल पुलिस ने पीड़िता के पिता के बयान के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ अपहरण, अवैध बंधक बनाकर रखने और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता के पिता के मुताबिक, उनकी बेटी घर से अचानक लापता हो गई थी, जिसके बाद उन्हें आशंका हुई कि किसी ने उसे जबरन शादी करने के इरादे से अगवा किया है।
घर लौटने पर नाबालिग ने बताया कि उसे दो युवकों ने जबरदस्ती पकड़ लिया था। आरोप है कि आरोपियों ने उसे नशीला पदार्थ पिलाया और इंजेक्शन लगाने के बाद उससे जबरन गलत हरकत की। बाद में एक आरोपी मौके से भाग गया, जबकि दूसरा उसे किसी तरह रोज़ गार्डन इलाके में छोड़कर फरार हो गया, जहां से उसने अपने परिवार को सूचना दी।
जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर केवल कृष्ण ने बताया कि पीड़िता और उसके परिवार के प्रारंभिक बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी करवा दिया गया है। मंगलवार को अदालत में धारा 164 के तहत उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है। जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।