Shimla, Sanju
हिमाचल प्रदेश में इन दिनों मौसम पूरी तरह से सुहावना बना हुआ है। दिन में तेज धूप और सुबह-शाम बढ़ती ठंड के कारण मौसम में बदलाव साफ महसूस किया जा रहा है। पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है, जबकि निचले क्षेत्रों में सुबह और शाम हल्का कोहरा देखने को मिल रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि फिलहाल 2 नवंबर तक हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और किसी भी तरह का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में राज्य के मैदानी इलाकों में हल्का कोहरा छाने की संभावना है, जबकि पहाड़ी इलाकों में तापमान में गिरावट का क्रम जारी रहेगा।दूसरी ओर, दिवाली के बाद मैदानी राज्यों में बढ़ते प्रदूषण के बीच हिमाचल की स्वच्छ हवा और साफ आसमान पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। पर्यटक बड़ी संख्या में शिमला, मनाली, धर्मशाला और अन्य पर्यटन स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं ताकि वे इस सुकूनभरे और प्रदूषणमुक्त मौसम का आनंद ले सकें।
संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अभी कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया है। हिमाचल में विंटर सीजन आमतौर पर 15 नवंबर के बाद शुरू होता है, जब ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो जाता है। शिमला में बर्फबारी का आनंद लेने के इच्छुक पर्यटकों को दिसंबर के तीसरे सप्ताह या जनवरी तक इंतजार करना पड़ सकता है।सोमवार को दर्ज अधिकतम तापमान के अनुसार ऊना प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर में 30.3, हमीरपुर में 31 और सुंदरनगर में 28.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं शिमला में दिन का अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा।न्यूनतम तापमान के अनुसार कुकुमसेरी में सबसे कम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस, केलांग में 0.1 डिग्री, कल्पा में 3.8, मनाली में 6.7, और शिमला में 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फिलहाल प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में बारिश या बर्फबारी दर्ज नहीं की गई है और मौसम शुष्क बना हुआ है।