पटना। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और इंडी (INDI) गठबंधन पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महागठबंधन का घोषणापत्र बिहार की आम जनता के हितों की अनदेखी करता है और केवल एक विशेष वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। सैनी ने कहा कि यह गठबंधन वोट बैंक की राजनीति कर समाज को बांटने की कोशिश कर रहा है।
पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए सैनी ने कहा, “कांग्रेस और इंडी गठबंधन का घोषणापत्र बिहार की जनता की उम्मीदों और विकास से कोई ताल्लुक नहीं रखता। यह सिर्फ एक विशेष वर्ग को खुश करने का दस्तावेज है। न इनके पास विकास की दृष्टि है और न ही सुशासन का एजेंडा।”
उन्होंने आगे कहा कि देश की जनता पहले ही कांग्रेस और इंडी गठबंधन को नकार चुकी है और अब बिहार के मतदाता भी इनके “विकृत राजनीतिक एजेंडे” से प्रभावित नहीं होंगे। सैनी ने दावा किया कि महागठबंधन की नीतियां भ्रष्टाचार को बढ़ावा देती हैं और विकास कार्यों में केवल अवरोध पैदा करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की जनता इस चुनाव में जाति और तुष्टिकरण की राजनीति को खारिज करते हुए विकास, शिक्षा, रोजगार और पारदर्शी शासन के मुद्दों पर मतदान करेगी।