अमृतसर। पंजाब पुलिस ने एक गुप्त अभियान के तहत पाकिस्तान से संचालित हो रहे हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कमिश्नरेट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पकड़े गए सभी आरोपी अमृतसर के रहने वाले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में शमशेर सिंह उर्फ सीमा, अमनदीप सिंह उर्फ बॉबी, बलविंदर सिंह उर्फ काका, गुरदेव सिंह, करणप्रीत सिंह और हरमन सिंह शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 15 अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद की हैं, जिनमें 9 ग्लॉक 9 मिमी और 6 .30 बोर की पिस्तौल शामिल हैं।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित एक हैंडलर के संपर्क में थे। वे राज्यभर में अवैध हथियारों की आपूर्ति में सक्रिय रूप से शामिल थे।
अमृतसर कैंटोनमेंट थाना पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस सीमा पार से चल रहे हथियार तस्करी नेटवर्क को खत्म करने और संगठित अपराध पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है।