अमेरिका | अमेरिका के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने बच्चों के दांत मजबूत करने के लिए दिए जाने वाले फ्लोराइड सप्लीमेंट के इस्तेमाल पर नई पाबंदियां लगा दी हैं। अब यह सप्लीमेंट तीन वर्ष से कम उम्र के बच्चों या उन बच्चों को सिफारिश नहीं किया जाएगा, जिनके दांतों में सड़न (कैविटी) का खतरा गंभीर नहीं है।
यह फैसला अमेरिकी स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्ट एफ. केनेडी जूनियर और उनके सहयोगियों द्वारा दंत चिकित्सा में फ्लोराइड के अत्यधिक उपयोग के खिलाफ जारी अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।
पहले यह सप्लीमेंट छह महीने या उससे अधिक उम्र के बच्चों को दिया जा सकता था, लेकिन अब एफडीए ने इसे सीमित कर दिया है। मई में एजेंसी ने संकेत दिया था कि यदि नियमों का पालन नहीं हुआ तो इन उत्पादों को बाजार से हटाया जा सकता है। इसी क्रम में चार कंपनियों को चेतावनी पत्र भी भेजे गए हैं, जिनमें उन्हें निर्धारित मानकों के भीतर उत्पादों का विपणन करने के निर्देश दिए गए हैं।
एफडीए की नई वैज्ञानिक रिपोर्ट में बताया गया है कि फ्लोराइड सप्लीमेंट से दांतों को सीमित लाभ मिलता है, लेकिन इसके साथ आंतों की समस्या, वजन बढ़ने और संज्ञानात्मक विकास (थिंकिंग स्किल्स) पर असर जैसे जोखिम भी जुड़े हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि जिन बच्चों के दांतों में सड़न का अधिक खतरा होता है या जिन इलाकों में पीने के पानी में फ्लोराइड की मात्रा कम होती है, वहां चिकित्सकीय सलाह पर ही यह सप्लीमेंट दिया जाना चाहिए।