चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार राज्य की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए तैयार करने के उद्देश्य से हरियाणा स्टेट ओलंपिक गेम्स 2025 का आयोजन भव्य स्तर पर करने जा रही है। इस बार खेल प्रतियोगिताएं राज्य के 10 जिलों की 24 जगहों पर आयोजित होंगी, जहां हजारों खिलाड़ी अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे।
खेल विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, गुरुग्राम में हैंडबॉल, हॉकी, एथलेटिक्स और टेबल टेनिस के मुकाबले होंगे, जबकि सोनीपत में नेटबॉल, बास्केटबॉल और कुश्ती के खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे। फरीदाबाद में वेटलिफ्टिंग, फेंसिंग, आर्चरी (तीरंदाजी) और टेनिस इवेंट होंगे, वहीं पंचकूला में कबड्डी, जूडो, कराटे और बैडमिंटन के रोमांचक मुकाबले देखे जाएंगे।
कुरुक्षेत्र में योग, साइकिलिंग और वॉलीबॉल, जबकि रोहतक में मुक्केबाजी (बॉक्सिंग) और करनाल में फुटबॉल के मैच आयोजित होंगे। राजधानी चंडीगढ़ में कयाकिंग और कैनोइंग, वहीं दिल्ली में शूटिंग और ट्रैक साइकिलिंग के इवेंट होंगे।
राज्य सरकार का कहना है कि इन प्रतियोगिताओं का मकसद खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अवसर प्रदान करना, खेलों के प्रति युवाओं में उत्साह बढ़ाना और “स्पोर्ट्समैनशिप” की भावना को मजबूत करना है। हरियाणा, जो पहले से ही भारत का खेल हब माना जाता है, एक बार फिर इन स्टेट ओलंपिक गेम्स के ज़रिए अपनी खेल उत्कृष्टता का नया अध्याय लिखने को तैयार है।