ऊना | नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ऊना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक कैंटर से 200 पेटियां (करीब 2400 बोतलें) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की हैं। यह कार्रवाई कोटला कलां रेलवे क्रॉसिंग के पास की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नंगल की ओर से हिमाचल की सीमा में एक कैंटर शराब लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ट्रक नंबर HP-07F-3465 (Ashoka Leyland) को रोका, जो चंडीगढ़ से लेह जा रहा था। तलाशी के दौरान बिना लाइसेंस या परमिट के ओल्ड मोंक ब्रांड की 200 पेटियां शराब से भरी मिलीं।
पुलिस ने मौके से ट्रक चालक दिले राम (निवासी मंडी) और सहचालक अनीश कुमार (निवासी हमीरपुर) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों शराब से संबंधित कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
एडिशनल एसपी संजीव भाटिया ने बताया कि ऊना पुलिस ने नशे के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ रखा है, और किसी भी व्यक्ति को जो नशे के कारोबार में शामिल है, बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह शराब कहां से लाई जा रही थी और आगे कहां सप्लाई की जानी थी। फिलहाल पुलिस ने अवैध शराब की खेप को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।