नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका पर 52 रन से जीत दर्ज कर आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 का खिताब जीतने पर बधाई दी। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, “आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत! उनके प्रदर्शन में अद्भुत कौशल और आत्मविश्वास झलकता है। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन टीम भावना और अदम्य जज्बा दिखाया है। यह ऐतिहासिक जीत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।”
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी टीम को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय महिला क्रिकेटरों ने पूरे देश का दिल जीत लिया है। उन्होंने लिखा, “भारतीय टीम को आईसीसी महिला विश्व कप 2025 जीतने पर हार्दिक शुभकामनाएं। आपने सिर्फ ट्रॉफी नहीं, बल्कि पूरे देश का दिल जीत लिया है। यह भारतीय क्रिकेट और महिला खेलों के लिए स्वर्णिम पल है।”