तरनतारन | पंजाब की राजनीति में तनाव उस समय और बढ़ गया जब वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजबीर सिंह भुल्लर और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी गई। धमकी कथित तौर पर गैंगस्टर रिंदा द्वारा दी गई है।
इस गंभीर मामले में थाना सिटी तरनतारन पुलिस ने गैंगस्टर रिंदा और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 31 अक्तूबर को राजबीर सिंह भुल्लर को एक विदेशी नंबर से फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर रिंदा बताया। इसके बाद उन्हें एक और वॉयस मैसेज भेजा गया, जिसमें कहा गया कि “हम पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग और उनके परिवार को मारने वाले हैं, तुम्हें और तुम्हारे परिवार को भी नहीं छोड़ेंगे।”
धमकी में यह भी कहा गया कि भुल्लर 11 नवंबर तक उपचुनाव प्रचार से दूर रहें, वरना अंजाम भुगतना पड़ेगा। भुल्लर ने बताया कि उन्हें पहले भी कई बार ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं।
उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि उन्हें और उनके परिवार को गंभीर खतरा है और उन्होंने तत्काल पुलिस सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
गौरतलब है कि तरनतारन विधानसभा उपचुनाव को लेकर इन दिनों सियासी हलचल तेज है। इस बीच, गैंगस्टर और शरारती तत्वों द्वारा नेताओं और मतदाताओं को धमकाने की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।