यमुनानगर। प्रताप नगर बस अड्डे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब हरियाणा रोडवेज की बस (नंबर HR58GV 6878) अचानक नियंत्रण खो बैठी और कॉलेज जा रही चार-पांच छात्राओं के ऊपर चढ़ गई। बस पांवटा से दिल्ली की ओर जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस अत्यधिक रफ्तार में थी और अचानक बेकाबू होकर छात्राओं की तरफ मुड़ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल छात्राओं को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घटना के बाद प्रताप नगर बस अड्डे पर हड़कंप मच गया। छात्राओं के परिजन भी तुरंत अस्पताल पहुंचे और बच्चों की हालत जानने में व्यस्त रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस चालक ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नियंत्रण न रख सका। बस में सवार यात्रियों को कोई नुकसान नहीं हुआ।
इस हादसे ने एक बार फिर रोडवेज बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और कहा है कि मामले में पूरी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि दो साल पहले भी इसी क्षेत्र में ऐसा ही हादसा हो चुका है।