चंडीगढ़। हरियाणा की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में “वोटों की चोरी” के आरोप लगाने के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।
अक्टूबर 2024 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को कई सीटों पर मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी आठ सीटें मात्र 22,779 वोटों के अंतर से हार गई थी। वहीं, डबवाली सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी को इनेलो के उम्मीदवार से 610 वोटों से शिकस्त मिली थी।
इसी तरह भाजपा भी सात सीटों पर 12,592 वोटों के अंतर से चुनाव हार गई थी। भाजपा ने 55 लाख वोट हासिल कर 48 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को 54 लाख वोट मिले और उसने 37 सीटें जीतीं।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि “अगर हरियाणा में वोटों की चोरी नहीं हुई होती, तो कांग्रेस की सरकार बनती।” वहीं, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी “हार का ठीकरा चुनाव प्रक्रिया पर फोड़ रहे हैं।” उन्होंने कहा कि “अगर वोटों की चोरी होती, तो भाजपा सात सीटें इतने कम अंतर से क्यों हारती?”
उचाना कलां में सिर्फ 32 वोटों का अंतर
उचाना कलां सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह भाजपा के देवेंद्र अत्री से मात्र 32 वोटों से हार गए थे। बृजेंद्र सिंह ने मतगणना को लेकर हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसे अब सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है।
12 सीटों पर जीत-हार का अंतर 4,623 वोटों से भी कम
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले 4.16 लाख नए मतदाता जुड़े। यह संख्या कई करीबी मुकाबलों को प्रभावित करने वाली रही, क्योंकि 12 सीटों पर जीत और हार का अंतर 4,623 वोटों से कम रहा।
कांग्रेस के करीबी मुकाबले
- उचाना कलां: भाजपा के देवेंद्र अत्री ने कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह को 32 वोटों से हराया
- डबवाली: इनेलो के आदित्य देवीलाल ने कांग्रेस के अमित सिहाग को 610 वोटों से हराया
- दादरी: भाजपा के सुनील सतपाल सांगवान ने कांग्रेस की मनीषा सांगवान को 1,957 वोटों से हराया
- असंध: भाजपा के योगेंद्र राणा ने कांग्रेस के शमशेर गोगी को 2,306 वोटों से हराया
- होडल: भाजपा के हरजिंदर सिंह ने कांग्रेस के उदयभान को 2,595 वोटों से हराया
भाजपा भी हारी करीबी मुकाबले
- लोहारू: कांग्रेस के राजबीर फरटिया ने भाजपा के जय प्रकाश दलाल को 792 वोटों से हराया
- आदमपुर: कांग्रेस के चंद्र प्रकाश ने भाजपा के भव्य बिश्नोई को 1,268 वोटों से हराया
- रोहतक: कांग्रेस के बीबी बत्रा ने भाजपा के मनीष ग्रोवर को 1,341 वोटों से हराया
- फतेहाबाद: कांग्रेस के बलवान सिंह दौलतपुरिया ने भाजपा के चौधरी दूड़ाराम को 2,252 वोटों से हराया