रुड़की। धनोरी निवासी एक कारोबारी से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आशीष सैनी, निवासी मुलदास माजरा, के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आशीष ने विदेश में रह रहे अपने साथी अजय हुड्डा (मूल निवासी रोहतक, हरियाणा) के साथ मिलकर इस रंगदारी की साजिश रची थी। अजय हुड्डा फिलहाल आर्मेनिया में रह रहा है।
जानकारी के अनुसार, अजय ने कारोबारी को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का कॉल किया था, जिससे पीड़ित घबरा गया और तुरंत पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने साइबर और कॉल डिटेल जांच के आधार पर आशीष सैनी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि विदेश में रह रहे अजय हुड्डा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।