चंडीगढ़। तरनतारन विधानसभा उपचुनाव के बीच शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने पंजाब पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी ने चुनाव आयोग से शिकायत करते हुए कहा है कि पुलिसकर्मी उनके उम्मीदवार की बेटी का पीछा कर रहे हैं, जो आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है।
शिअद की लीगल सेल के अध्यक्ष अर्शदीप कलेर ने आयोग को दी शिकायत में बताया कि कुछ अज्ञात पुलिसकर्मी पार्टी उम्मीदवार की बेटी कंचनप्रीत कौर का पीछा कर रहे थे। जब स्थानीय लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने खुद को रिपुतपन सिंह (एसपी, इन्वेस्टिगेशन) और प्रभजीत सिंह (इंचार्ज, सीआईए तरनतारन) द्वारा नियुक्त पुलिस अधिकारी बताया।
हालांकि, ये अधिकारी कोई लिखित आदेश या आधिकारिक अनुमति नहीं दिखा पाए। जांच में यह भी सामने आया कि वे निजी वाहन का इस्तेमाल कर रहे थे, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी।
शिअद ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि इस घटना से पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े होते हैं। पार्टी ने आयोग से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों ने पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया है, जिसे साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया गया है।